Wednesday, February 23, 2011

तेजाब के टैंकर से रिसी आफत

कानपुर, एक प्रतिनिधि: जाजमऊ में 40,000 लीटर तेजाब से भरे टैंकर का वाल्व टूटने से निकले तेजाब से भगदड़ मच गयी। तेजाब से निकले तीखे धुएं से जहां एक युवती की मौत हो गयी वहीं आधा दर्जन से अधिक पशुओं ने भी दम तोड़ दिया। अंसार नगर मोहल्ला खाली हो गया। जबकि आधा दर्जन मोहल्लों के 10 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं जिन्हें सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन, सीने में तेज दर्द की शिकायत है। खबर लिखे जाने तक मौके पर अफरातफरी की स्थिति बनी हुई थी। मंगलवार को ये घटना हजरत दादामियां की मजार के थोड़ा आगे अंसार नगर में पापुलर धर्मकांटा के पास हुई। सल्फ्यूरिक एसिड से भरा ये टैंकर तौल कराने के लिए धर्मकांटा जा रहा था तभी उसका पहिया नाली में फंस गया। इसे निकालने को टैंकर चालक एक क्रेन लेकर आया। क्रेन से निकालते समय टैंकर का मुख्य वाल्व टूट गया। वाल्व टूटते ही पानी की तरह निकली तेजाब की धार देख टैंकर चालक और क्लीनर भाग खड़े हुए। इसके बाद अंसार नगर समेत आसपास के इलाके में तेजाब से निकला खतरनाक धुआं भरने से हड़कंप मच गया। अंसार नगर के लोगों को सीढि़यों से किसी तरह पीछे की ओर सुरक्षित बाहर निकाला गया। लोग दमघोंटू धुंए से बचने को तकिया, रुमाल, अंगौछा जो भी मिला, उसी से मुंह बंद करभाग रहे थे। हालांकि अंसार नगर के मो.सलमान ने हिम्मत जुटा तेजाब जो घरों की ओर बढ़ रहा था, खुदाई करके उसका रुख नाले की ओर कर दिया। तेजाब बहने से अंसार नगर, मख्दूम नगर, पंच रौजा, बुढि़या घाट, संजय नगर समेत उन मोहल्ले में हाहाकार मच गया जहां से होकर ये नाला गुजरता है। नाले में तेजाब का झाग और धुआं तेजी से ऊपर आ रहा था।  

No comments:

Post a Comment